क्रान्ति और सेवा के राही योगेश चन्द्र चटर्जी
क्रान्तिवीर योगेश चन्द्र चटर्जी का जीवन देश को विदेशी दासता से मुक्त कराने की गौरवमय गाथा है। उनका जन्म अखंड भारत के ढाका जिले के ग्राम गोकाडिया, थाना लोहागंज में तथा लालन-पालन और शिक्षा कोमिल्ला में हुई। 1905 में बंग-भंग से जो आन्दोलन शुरू हुआ, योगेश दा उसमें जुड़ गये। पुलिन दा ने जब 'अनुशीलन पार्टी' बनायी, तो ये उसमें भी शामिल हो गये। उस समय इनकी अवस्था केवल दस वर्ष की थी।
अनुशीलन पार्टी की सदस्यता बहुत ठोक बजाकर दी जाती थी; पर योगेश दा हर कसौटी पर खरे उतरे। 1916 में उन्हें पार्टी कार्यालय से गिरफ्तार कर कोलकाता के कुख्यात ‘नालन्दा हाउस’ में रखा गया। वहाँ बन्दियों पर अमानुषिक अत्याचार होते थे। योगेश दा ने भी यह सब सहा। 1919 में आम रिहाई के समय वे छूटे और बाहर आकर फिर पार्टी के काम में लग गये। अतः बंगाल शासन ने 1923 में इन्हें राज्य से निष्कासित कर दिया।
1925 में जब क्रान्तिकारी शचीन्द्र नाथ सान्याल ने अलग-अलग राज्यों में काम कर रहे क्रान्तिकारियों को एक साथ और एक संस्था के नीचे लाने का प्रयास किया, तो योगेश दा को संयुक्त प्रान्त का संगठक बनाया गया। काकोरी रेल डकैती कांड में कुछ को फाँसी हुई, तो कुछ को आजीवन कारावास। यद्यपि योगेश दा इस कांड के समय हजारीबाग जेल में बन्द थे; पर उन्हें योजनाकार मानकर दस वर्ष के कारावास की सजा दी गयी।
जेल में रहते हुए उन्होंने राजनीतिक बन्दियों के अधिकारों के लिए कई बार भूख हड़ताल की। फतेहगढ़ जेल में तो उनका अनशन 111 दिन चला। तब प्रशासन को झुकना ही पड़ा। जेल से छूटने के बाद भी उन्हें छह माह के लिए दिल्ली से निर्वासित कर दिया गया। 1940 में संयुक्त प्रान्त की सरकार ने उन्हें फिर पकड़ कर आगरा जेल में बन्द कर दिया।
वहाँ से उन्हें देवली शिविर जेल में भेजा गया। संघर्षप्रेमी योगेश दा ने देवली में भी भूख हड़ताल की। इससे उनकी हालत खराब हो गयी। उन्हें जबरन कोई तरल पदार्थ देना भी सम्भव नहीं था; क्योंकि उनकी नाक के अन्दर का माँस इतना बढ़ गया था कि पतली से पतली नली भी उसमें नहीं घुसती थी। अन्ततः शासन को उन्हें छोड़ना पड़ा।
पर शांत बैठना उनके स्वभाव में नहीं था। अतः 1942 के भारत छोड़ो आन्दोलन में भी फरार अवस्था में व्यापक प्रवास कर वे नवयुवकों को संगठित करते रहे। इस बीच उन्हें कासगंज षड्यन्त्र में फिर जेल भेज दिया गया। 1946 में छूटते ही वे फिर काम में लग गये। इसके बाद वे लखनऊ में ही रहने लगे।
स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद वे राजनीति में अधिक सक्रिय हो गये। उन पर मार्क्सवाद और लेनिनवाद का काफी प्रभाव था; पर भारत के कम्युनिस्ट दलों की अवसरवादिता और सिद्धान्तहीनता देखकर उन्हें बहुत निराशा हुई। उन्होंने कई खेमों में बंटे साथियों को एक रखने का बहुत प्रयास किया; पर जब उन्हें सफलता नहीं मिली, तो उनका उत्साह ठंडा हो गया। 1955 में वे चुपचाप कम्युनिस्ट पार्टी और राजनीति से अलग हो गये।
योगेश दा सादगी की प्रतिमूर्ति थे। वे सदा खद्दर ही पहनते थे। 1967 के लोकसभा चुनाव के बाद उनका मानसिक सन्तुलन बिगड़ गया। 22 अप्रैल, 1969 को 74 वर्ष की अवस्था में दिल्ली में उनका देहान्त हुआ। उन्होंने अपनी आत्मकथा ‘इन सर्च आॅफ फ्रीडम’ नामक पुस्तक में लिखी है।
.................................
22 अपै्रल/जन्म-दिवस
लोकतंत्र-प्रेमी न्यायाधीश नेकश्याम शमशेरी
आपातकाल में मेरठ की जेल में सैकड़ों लोकतंत्र प्रेमी बन्द थे। शासन चाहता था कि वे वहीं सड़ जाएं; पर उन दिनों मेरठ के कई न्यायाधीशों में एक थे श्री नेकश्याम शमशेरी। उनके पास जो भी वाद जाता था, वे उसे जमानत दे देते थे। यद्यपि इसमें बहुत खतरा था; पर वे सदा न्याय के पथ पर डटे रहे।
नेकश्याम जी का जन्म उ.प्र. के मुरादाबाद नगर में 22 अपै्रल, 1930 को न्यायालय में कार्यरत श्री राधेशरण भटनागर एवं श्रीमती चमेली देवी के घर में हुआ था। गाजियाबाद के पास ‘शमशेर’ गांव के मूल निवासी होने से ये परिवार ‘शमशेरी’ कहलाया। पांच भाई और तीन बहिनों वाला ये भरापूरा परिवार था।
मेधावी नेकश्याम जी ने सभी परीक्षाएं प्रथम श्रेणी में भी प्रथम स्थान पर रहकर उत्तीर्ण कीं। उनका नामपट आज भी राजकीय इंटर कॉलिज, मुरादाबाद में लगा है। आगरा, प्रयाग और फिर मुरादाबाद से उच्च शिक्षा पाकर उन्होंने कुछ वर्ष वकालत की। 1956 में न्यायिक परीक्षा में प्रथम स्थान पाकर वे न्यायाधीश बने। इससे पूर्व वे प्रशासनिक सेवा की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे; पर संघ से सम्पर्क के कारण उन्हें साक्षात्कार में नहीं चुना गया।
नेकश्याम जी मुरादाबाद में 1940 में स्वयंसेवक बने। 1942 के ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन के समय वहां एक जुलूस में तिरंगा लिये युवक को पुलिस की गोली लग गयी। ऐसे में बालक होते हुए भी उन्होंने झंडा थाम लिया। 1948 में संघ पर प्रतिबंध के समय वे आगरा में बी.एस-सी. कर रहे थे। कांग्रेसी गुुंडों ने वहां संघ कार्यालय पर हमला कर दिया। नेकश्याम जी तथा अन्य स्वयंसेवकों ने उनका डटकर मुकाबला किया। उस मारपीट की चोट उनके चेहरे पर अंत तक बनी रही। प्रतिबंध के विरोध में वे डेढ़ महीने आगरा जेल में भी रहे।
1957 में उनका विवाह शारदा जी से हुआ। उनकी पत्नी बहुत धार्मिक एवं सात्विक स्वभाव की थीं। अतः उनके चारों बच्चों पर देश एवं धर्मनिष्ठा के गहरे संस्कार पड़े। न्यायिक सेवा के कारण वे संघ की दैनिक गतिविधियों से दूर रहे; पर संघ के प्रति प्रेम उनके मन में बना रहा, जो आपातकाल में निरपराध स्वयंसेवकों की रिहाई के रूप में प्रकट हुआ। वे कानपुर, बरेली, हरदोई, ललितपुर, बनारस और मेरठ में न्यायाधीश रहे। सभी जगह उन्होंने अपने आचरण से एक आदर्श न्यायाधीश की छाप छोड़ी।
1988 में मेरठ में विशेष न्यायाधीश के पद से वे सेवानिवृत्त हुए। लम्बे समय तक संघ के काम से अलग रहने के कारण उन्होंने वृद्धावस्था में तीनों वर्ष के संघ शिक्षा वर्ग का प्रशिक्षण लिया और फिर संघ के काम में जुट गये। पहले उन्हें मेरठ प्रांत में ‘सेवा भारती’ की जिम्मेेदारी दी गयी। इसके बाद वे मेरठ प्रांत कार्यवाह, प्रांत संघचालक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संघचालक तथा फिर संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे। वे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर भारत के जनजातीय क्षेत्रों में भी गये। सेवा कार्य में रुचि होने के कारण वे प्रवास में इन कामों पर विशेष ध्यान देते थे। 2007 में वे नागपुर में प्रौढ़ स्वयंसेवकों के तृतीय वर्ष के वर्ग में सर्वाधिकारी थे।
इतनी ऊंचे और प्रतिष्ठित पद पर रहकर भी उनका जीवन सादगी से परिपूर्ण था। अवकाश प्राप्ति के बाद वे निःसंकोच खाकी नेकर पहन कर सायं शाखा में जाते थे। बच्चों से मिलना, खेलना और हंसी-मजाक करना उन्हें अच्छा लगता था। देहरादून में एक कार्यकर्ता ने अज्ञानवश रेलगाड़ी में आरक्षण के लिए उनकी आयु अधिक लिखा दी; लेकिन उन्होंने उस टिकट पर जाना स्वीकार नहीं किया। उनके तीनों पुत्र अच्छे काम और स्थानों पर हैं। वे जब उनके पास जाते थे, तो पड़ोस के सभी लोगों और परिवारों में घुलमिल जाते थे।
25 नवम्बर, 2015 को अपने बड़े पुत्र के मुम्बई स्थित निवास पर उनका निधन हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें